रामनगर। कोतवाली क्षेत्र के गौजानी में बृहस्पतिवार को कब्र खोदाई को लेकर हुए हंगामे के बाद शुक्रवार को कानूनगो, पटवारियों की टीम ने जमीन का सर्वे किया। इस दौरान ग्रामीणों से बातचीत कर जानकारी हासिल की गई।
बता दें कि बृहस्पतिवार को गौजानी में कब्र खोदाई को लेकर काफी हंगामा हुआ था। इसके बाद कब्रिस्तान की जमीन की पैमाइश के लिए एसडीएम ने टीम का गठन किया है। टीम ने शुक्रवार को मौका मुआयना कर जमीन का सर्वे कर ग्रामीणों से जानकारी ली।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से वार्ता के बाद विवादित जमीन की पैमाइश कराने की बात तय हुई थी। इसके दूसरे दिन सुबह कानूनगो फैजान अली, विद्यारतन, पटवारी निर्मला गैड़ा, मनोज रावत, गिरीश चंद्र दुर्गापाल और सर्वे लेखपाल कल्लू सिंह, शुभम मौके पर पहुंचे। सभी ने ग्रामीणों से वार्ता कर जमीन के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि जल्द ही जमीन की पैमाइश का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।