कालाढूंगी रोड के लोगों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें कपिलाज रेस्टोरेंट के पास होेने वाले जलभराव से निजात मिल जाएगी। शहरी विकास मंत्रालय ने जल निकासी के 22 लाख के बजट के लिए मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही इंदिरा नगर में भी नाला निर्माण का 22 लाख का बजट मंजूर किया गया है।
यहां होने वाले जलभराव को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मुखानी निवासी हेमचंद्र कपिल ने उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर कर कहा था कि लंबे समय से बारिश में कालाढूंगी रोड पर जलभराव होता है। इससे दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को दिक्कत होती है।
इससे निजात महज 80 हजार में मिल सकती है जबकि इस समाधान का सिंचाई ने लाखों, लोनिवि ने करोड़ों में प्रस्ताव बनाया है। मामला हाइकोर्ट में चला गया था। उच्च न्यायालय को जिला प्रशासन को समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे। इस पर सिंचाई विभाग ने 22 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाया था।
जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने इस योजना को क्रियान्वित करने के लिए प्रस्ताव को शहरी विकास में भेज दिया था। इस पत्र में इंदिरा नगर में नाले निर्माण के लिए भी 22 लाख का प्रस्ताव मंजूर करने के लिए लिखा गया था।
खुद जिलाधिकारी ने दिलचस्पी लेते हुए शहरी विकास सचिव को इस बाबत पत्र भी लिखा था तो याचिका कर्ता कपिल ने भी सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के जनता दरबार में यह मुद्दा उठाया था। इधर, शहरी विकास ने डीएम के पत्र पर संज्ञान लेते हुए 44 लाख रुपये के दोनों प्रस्तावों के लिए बजट की मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही बजट मिलने ही कालाढूंगी रोड पर जल निकासी योजना पर काम शुरू हो जाएगा।
मैंने खुद शहरी विकास सचिव से दो बार फोन पर बात की थी। यह जनहित का मुद्दा है जो बेहद जरूरी है। अब बजट की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
- दीपेंद्र चौधरी, जिलाधिकारी नैनीताल