कालाढूंगी रोड भी 39 लाख रुपये की लागत से जगमग होगी। लोक निर्माण विभाग यांत्रिक खंड बाजपुर यहां स्ट्रीट लाइट लगाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। नगर निगम ने इसके लिए 40 प्रतिशत धन आवंटित भी कर दिया है।
चुनाव नजदीक आते ही विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। नगर निगम ने अब कालाढूंगी चौराहे तक भी स्ट्रीट लाइटें लगाने का निर्णय लिया है। लोनिवि ने जो एस्टीमेट नगर निगम को सौंपा उसमें 31 पोल और हर पोल में दो लाइट लगाने का खर्च 39 लाख रुपये बताया गया था। प्रस्ताव मिलते ही नगर निगम ने पहली किस्त में पूरी रकम का 40 प्रतिशत पैसा लोनिवि को दे दिया है। लोनिवि ने इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। एक सप्ताह के भीतर इस पर काम शुरू हो जाएगा। नगर निगम के जेई केबी उपाध्याय ने बताया कि लोनिवि को स्ट्रीट लाइट लगाने की 40 प्रतिशत रकम दे दी है।
स्ट्रीट लाइटों को लेकर हो चुकी है सियासत
इंदिरा हृदयेश की ओर से लगाई गई स्ट्रीट लाइटों में जमकर राजनीति हुई थी। मेयर जोगेंद्र रौतेला ने स्ट्रीट लाइटों को गुणवत्ता विहीन बताया था। साथ ही स्ट्रीट लाइट को लगाने वाले लोक निर्माण विभाग यांत्रिक खंड बाजपुर पर भी कई आरोप लगाए थे। अब नगर निगम ने दोबारा लोनिवि यांत्रिक खंड बाजपुर को कालाढूंगी चौराहे से मुखानी चौराहे तक स्ट्रीट लाइट लगाने का काम दे दिया है।