हज एक खास इबादत है। खुशनसीब हैं वे लोग जिन्हें हज पर जाने का मौका मिला है। हज के दौरान ज्यादा से ज्यादा वक्त इबादत में लगाएं। मक्का मुकर्रमा पहुंचने पर जब काबा शरीफ पर पहली नजर पड़े तो दुआ जरूर मांगें, क्योकि उस वक्त की दुआ जरूर कुबूल होती है। उत्तराखंड हज कमेटी के चेयरमैन हाजी राव शेर मोहम्मद ने हज यात्रियों को प्रशिक्षण के दौरान ये बातें बताईं।
मंगलवार को कमेटी की जानिब से प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मदरसा इशाअतुल हक में किया गया। मदरसे के प्रधानाचार्य मुफ्ती नईमुद्दीन ने भी हज के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही कहा कि रवानगी के जितने दिन बचे हैं, इन दिनों में उलेमा से हज का प्रशिक्षण लें। विशिष्ट अतिथि मंडी समिति अध्यक्ष सुमित हृदयेश ने हज यात्रियों को मुबारकबाद दी और उनसे उत्तराखंड की तरक्की के लिए दुआ करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन मदरसे के प्रबंधक उवैस खान ने किया। इस दौरान दर्जा मंत्री इकबाल भारती, सुहेल सिद्दीकी, हज कमेटी के सदस्य अनवार अहमद, रईस भाई, हज अधिकारी नफीस अहमद, हसनेन रजा खतीबी, शराफत खान, शहाब सिद्दीकी, शादाब हुसैन, हाजी इरशाद, इंतजार हुसैन, रियाज हुसैन रजवी आदि मौजूद थे।
110 लोगों को लगाए टीके, पोलियो ड्रॉप पिलाई
प्रशिक्षण के दौरान नैनीताल, अल्मोड़ा और चंपावत जनपद के 110 हज यात्रियों को मेनिन्जाइटिस के टीके लगाए गए और पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। बेस अस्पताल के वरिष्ठ चर्म रोग विशेषज्ञ डा. शकील अनवर ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ हज यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
बैनर न लगाने पर गुस्साए चेयरमैन
प्रशिक्षण शिविर के दौरान उत्तराखंड हज कमेटी का बैनर न लगाए जाने पर चेयरमैन हाजी राव शेर मोहम्मद ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कैंप का राजनीतिकरण किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मदरसा प्रबंधक को चेतावनी दे डाली कि यदि ऐसा ही रवैया रहा तो भविष्य में शिविर स्थल बदलने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
जमीर अहमद को बनाया जिलाध्यक्ष
चेयरमैन हाजी राव शेर मोहम्मद ने लाइन नंबर 17 निवासी जमीर अहमद को हज कमेटी का नैनीताल जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। साथ ही उनसे उम्मीद जताई कि वे हज यात्रियों की बेहतर ढंग से खिदमत अंजाम देंगे।