जज फार्म सेक्टर-डी में रहने वाले परिवार पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। इस सेक्टर में गौला से ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचने वाले पानी से आपूर्ति होती है। जज फार्म में पिछले कई समय से पेयजल की आपूर्ति बाधित हो रही है। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।
विकास एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति के अध्यक्ष आरडी पांडे के मुताबिक सेक्टर डी के परिवार पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। आवास संख्या 14 से लेकर आवास संख्या आठ तक पानी नहीं आता है। इस क्षेत्र में गौला से आने वाले पेयजल की आपूर्ति होती है, जो अक्सर बाधित रहती है। समिति अध्यक्ष ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता से गुहार लगाई है कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्षेत्र का निरीक्षण किया जाए।
लाइन में कहां दिक्कत है इसे चेक किया जाए। इस परेशानी को दूर करने के लिए गौला की लाइन को वैकल्पिक व्यवस्था कर दूसरी लाइन से जोड़ा जाए। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र की लाइन ठीक नहीं होने तक टैंकरों से पेयजल आपूर्ति कराई जाए। ज्ञापन में डा. एससी बिनवाल, विजय भट्ट, दिनेश चंद्र पंत, पीतांबर शर्मा, सरिता, कमल तिवारी, नवीन त्रिपाठी, हर्षित सनवाल, प्रमोद पांडे, नवीन तिवारी समेत ब्लाक के 24 परिवारों के हस्ताक्षर हैं।