हल्द्वानी। अक्षय तृतीया के दिन ज्वैलरी का कारोबार काफी अच्छा हुआ है। हालांकि सोने के दाम काफी ज्यादा होने पर लोगों ने हल्के वजन और 20 से 50 हजार रुपये के बीच की खरीदारी की है। कारोबारियों का कहना है कि लगभग 35 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है। वहीं वाहन और इलेक्ट्रानिक बाजार में भी अच्छी बिकवाली हुई है।
बुधवार सुबह बाजार में ज्वैलरी की अच्छी खरीदारी हुई। दिन में व्यापार मंदा रहा लेकिन शाम को एक बार फिर बाजार ने तेजी पकड़ी। सहालग का सबसे बड़ा दिन भी होने के कारण लोगों ने आभूषणों की खरीदारी की। अनुमान है कि 90 से अधिक दोपहिया और चारपहिया वाहनों की खरीदारी हुई। ग्रीन सिटी सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम रस्तोगी ने बताया कि हल्द्वानी में ही करीब 350 से अधिक दुकानें हैं और प्रत्येक छोटी दुकानों में ही पांच लाख से अधिक का कारोबार हुआ है जबकि बड़ी दुकानों में 20 से 30 लाख तक का कारोबार हुआ है। कुल मिलाकर 35 से 40 करोड़ के बीच कारोबार हुआ। नंदी ज्वैलर्स के स्वामी लवीश वर्मा ने बताया कि सोने के गहनों के अलावा डायमंड रिंग, चेन आदि की भी डिमांड रही। इलेक्ट्रानिक उत्पादों के प्रमुख कारोबारी कुमाऊं रेडियोज के स्वामी रोहित गुप्ता ने बताया कि हल्द्वानी में 45 से अधिक इलेक्ट्रानिक उत्पादों के प्रतिष्ठान हैं। अक्षय तृतीया पर लगभग चार करोड़ का कारोबार हुआ है।