हल्द्वानी। नैनीताल और बरेली रोड पर यातायात को व्यवस्थित करने और हादसों को रोकने के लिए नई योजना बनी है। इस बार फोर लेन रोड पर जिस तरह मोड़ पर जर्सी बैरियर लगे होते हैं, उस तरह जर्सी बैरियर और जहां पर रोड संकरी है वहां पर कर्ब स्टोन लगाये जायेंगे। इसके अलावा एक बार फिर नैनीताल रोड पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अनावश्यक कट बंद करने की योजना बनी है।
नैनीताल रोड पर बीते दिनों डिवाइडर सुधारने और अनावश्यक कट बंद करने का काम शुरू हुआ था, जो लोगों के कथित विरोध के चलते बंद हो गया। अब एक बार फिर से लोनिवि ने मंडी से लेकर काठगोदाम तक डिवाइडर बनाने की योजना बनाई है। इसमें जगह के हिसाब से अलग-अलग तकनीक और माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। लोनिवि अधिशासी अभियंता रणजीत सिंह रावत कहते हैं कि मंडी से काठगोदाम तक 15 अनावश्यक कट हैं, जिनको बंद किया जाएगा। फिर मंडी से मंगल पड़ाव तक मार्ग के बीच जर्सी बैरियर लगाया जाएगा।
इसी तरह महिला अस्पताल से रोडवेज तक सड़क संकरी है, यहां पर रोड के बीच में कर्ब स्टोन(बेहद कम जगह घेरते हैं) लगाया जाएगा। जहां पर पुराने डिवाइडर मौजूद हैं, वहां पर डिवाइडर बने रहेंगे। इन पर रात में चमकने वाले खास तौर थर्मो पेस्ट किया जाएगा। डिवाइडर को इस तरह से प्लान किया गया है कि बीच में स्ट्रीट लाइट भी लग सकें। 45 दिन के अंदर काम पूरा करने का लक्ष्य है। अगर कोई तकनीकी अड़चन नहीं आयी तो एक सप्ताह के अंदर काम शुरू होगा।