हल्द्वानी। हल्द्वानी की पेयजल समस्या दूर करने वाली बहुप्रतीक्षित जमरानी पेयजल योजना को आईआईटी रुड़की से तकनीकी मंजूरी मिल गई है। इससे योजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
उत्तराखंड पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता शशि भूषण साह ने बताया कि आईआईटी रुड़की ने योजना के डिजाइन और तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद इसे मंजूरी दे दी है। अब इसका वित्तीय प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि बुधवार को देहरादून में प्रमुख सचिव पेयजल की अध्यक्षता में विभागीय समिति की बैठक होगी। बैठक में जमरानी पेयजल योजना के लिए बजट का प्रस्ताव रखा जाएगा। समिति से मंजूरी मिलने के बाद योजना को कैबिनेट में भेजा जाएगा।
जमरानी बांध से हल्द्वानी, काठगोदाम और आसपास के क्षेत्रों को 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। योजना में आधुनिक पंपिंग स्टेशन, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पाइपलाइन बिछाने का काम शामिल है। इससे गर्मियों में होने वाली पानी की किल्लत और पंपों पर निर्भरता खत्म होगी। आईआईटी से मंजूरी मिलने के बाद अब बजट स्वीकृति ही अंतिम चरण बचा है।
- शशि भूषण साह, अधिशासी अभियंता,पेयजल निगम