हल्द्वानी। जमरानी बांध परियोजना से जुड़ीं नहरों से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। अतिक्रमणकारियों को खुद अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया गया है। अफसरों के अनुसार तय अवधि में अतिक्रमण न हटने पर विभाग कार्रवाई करेगा।
पिछले दिनों देहरादून में राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भाबर की महत्वपूर्ण जमरानी बांध परियोजना का शिलान्यास किया। इसके साथ ही बांध के कार्य तेजी से होने की उम्मीद भी जगी है। परियोजना के तहत बांध स्थल पर डायवर्जन टनल का काम चल रहा है। जून 2026 तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद बांध का निर्माण शुरू होगा। इन दिनों गौलावार, पाहवा व हरिपुरा नहर के रिमॉडलिंग का कार्य चल रहा है। इसके तहत काठगोदाम कालटैक्स से रामपुर रोड, बरेली रोड को निकलने वाली नहरों का भी जीर्णोद्धार किया जाना है। इससे पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण के नोटिस दिए हैं। इसके बाद दूसरे और तीसरे चरण में नोटिस दिए जाएंगे। अतिक्रमण या कब्जे आदि न हटाने पर परियोजना की टीम कार्रवाई करेगी।
नहरों का कायाकल्प 2027 तक किया जाना है, नहरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है, इसमें जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, उसे हटाया जाएगा। नोटिस देने की कार्रवाई चल रही है। - एम खरे, जीएम जमरानी बांध परियोजना
प्रतीकात्मक।