हल्द्वानी रामपुर रोड पर स्वामी राम कैंसर अस्पताल के सामने लगा लंबा जाम। अमर उजाला
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। जिला पुलिस की ओर से की गई रूट डायवर्जन की व्यवस्था पहले दिन ही धड़ाम हो गई। बुधवार को आईजी कैंप कार्यालय मार्ग और आईटीआई रोड से लेकर एसटीएच तक वाहनों की लंबी लंबी कतारें लगी रहीं। शहर में काफी समय तक वाहन रेंगते रहे। पुलिस ने मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया। इस दौरान पर्यटकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सिंधी चौराहे के पास नाले को ठीक करने के लिए लोनिवि ने आधी सड़क काट रखी है। इसके चलते सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया है। इसी कारण जिला पुलिस ने रूट डायवर्जन किया था। बड़े वाहनों को गौलापार और कालाढूंगी के वाहनों को लालडांठ से पनचक्की तिराहे की ओर भेजा जा रहा है। मंगलवार दोपहर बरेली और रामपुर रोड से आने वाले चार पहिया वाहनों का दबाव आईटीआई रोड पर आ गया। इस कारण रामपुर मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गईं।
धीरे-धीरे वाहन बढ़ते गए और यह कतार एफटीआई तिराहे तक पहुंच गई। इनमें काफी संख्या में पर्यटकों की गाड़ियां शामिल थीं। कैंसर अस्पताल रोड पर भी आवागमन कुछ देर के लिए बंद हो गया। पुलिस ने क्रियाशाला रोड से वाहनों को निकाला तो आवाजाही सामान्य हो सकी।
नैनीताल जाने वाले पर्यटकों को लंबा इंतजार करना पड़ा। यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा ने बताया कि छोटे से इलाके में तीन अस्पताल हैं। सड़क टूटी हुई है। एंबुलेंस से मरीज भी उतारे जा रहे थे। इस कारण आम लोगों को थोड़ी दिक्कत हुई। शहर में सड़क काटे जाने के कारण सिंधी चौराहे की तरफ वाहनों को मोड़ना खतरनाक था।
इधर, कोतवाली थाने के पास से वाहनों को आईजी कैंप कार्यालय की तरफ मोड़ने से जाम लग गया। पुलिस जाम हटाने का प्रयास कर रही थी लेकिन कालू सिद्ध मंदिर से कालाढूंगी रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया था। हालांकि वाहनों के डायवर्ट होने के चलते सिंधी चौराहे से रोडवेज तक पहले जैसा जाम नहीं लगा। वाहन रेंगते हुए नजर आए। डायवर्जन से नवाबी रोड भी प्रभावित रही।