हल्द्वानी। पार्षद के विरोध जताने पर तल्ली हल्द्वानी में जल निगम की लाइन बिछाने का जायजा लेने के लिए अधिकारी आए। आरोप था कि ठेकेदार मानक के अनुरूप पाइप लाइन नहीं बिछा रहा है। पार्षद मनोज जोशी ने बताया कि ठेकेदार की मनमानी के खिलाफ उन्होंने जल निगम के अधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। विरोध जताने पर बृहस्पतिवार को अधिशासी अभियंता हिमांशु वर्मा, जेई महेश कुमार की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पार्षद के समक्ष कार्य का निरीक्षण किया। पार्षद ने आरोप लगाया कि ठेकेदार मानक के विपरीत वाल भी लगा रहा है। चेताया कि मानक के अनुरूप कार्य नहीं होने पर क्षेत्रीय जनता सड़क पर उतरेगी। कार्य होने के बाद गड़बड़ी का खामियाजा आम जनता को ही भुगतना पड़ेगा। अधिकारियों ने कार्य ठीक कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रमोद पलड़िया, मनोज तिवारी, सीपी सनवाल आदि थे।
गैस पाइप लाइन के चलते टूटी पानी की लाइन
हल्द्वानी। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रवि जोशी ने आरोप लगाया कि एचपीसीएल गैस पाइप लाइन बिछाने के चलते कालाढूंगी रोड पर पशु अस्पताल के समीप पांच दिन पहले पानी की पाईप लाइन टूट गई। क्षेत्र के हजारों लोग पानी नहीं मिलने के कारण परेशान हो गए हैं। पार्षद रवि जोशी का कहना है कि एचपीसीएच के कर्मचारियों ने गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई करते समय पेयजल लाइन ध्यान नहीं रखा। लापरवाही की वजह से पाइप लाइन टूट गई। स्थिति यह है कि पांच दिन से एक हजार घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। लोग पानी के लिए परेशान है। इस मामले में उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट और नगर निगम के अधिकारी को स्थिति से अवगत कराया है। चेताया कि यदि दो दिन में पाइप लाइन ठीक नहीं की गई तो वह क्षेत्रीय जनता की मदद से गैस पाइप लाइन का काम रोकेंगे। जनता पानी के लिए सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होगी।