ITBP jawans reached Lillam 18 km away
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी की बोगडियार चौकी में फंसे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 19 जवान और छह पोर्टर बर्फ से पटे रास्ते को खोलकर लीलम पहुंच गए हैं। जवान और पोर्टरों को लीलम पहुंचने के लिए लगभग 18 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ी। रिलकोट चौकी में 8 जवान और 7 पोर्टर अभी में फंसे हैं।
अग्रिम चौकी में तैनात आईटीबीपी के 19 जवान भारी बर्फबारी के कारण बोगडियार चौकी में फंस गए थे। जवानों का सामान लाने के लिए मुनस्यारी से बोगडियार गए छह पोर्टर भी रास्ते में ही फंस गए थे। मार्ग बंद होने से जवान निचली पोस्टों की ओर नहीं लौट पा रहे थे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और आईटीबीपी की ओर से सभी जवानों और पोर्टरों को हेलीकॉप्ट से लाने की तैयारी की जा रही थी।
शुक्रवार को जवानों ने खुद ही रास्ते में जमी बर्फ हटानी शुरू की और 18 किमी दूर लीलम पहुंच गए। यह सभी जवान और सामान के साथ आ रहे पोर्टर अब शनिवार को मुनस्यारी पहुंचेंगे।