हल्द्वानी। रोडवेज अतिक्रमण के दौरान आप कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और मुकदमे के मामले की जांच कोतवाली पुलिस ने शुरू कर दी है। आरोप है कि आम आदमी पार्टी के लोगों ने सरकारी कार्य में अवरोध पैदा करने का कार्य किया था। पुलिस ने घटना के संबंध में रोडवेज कर्मचारियों से पूछताछ की है।
रोडवेज प्रबंधन ने परिसर में लगाई दुकानों को बीते दिनों ध्वस्त करा दिया था। दुकान की यथास्थिति बनाए रखने के लिए आप के जिलाध्यक्ष संतोष कबड़वाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने 12 जून को धरना दिया। पुलिस ने धरनारत छह लोगों को धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले में रोडवेज की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने संतोष कबड़वाल, सुमित टिक्कू और डिंपल पांडे आदि के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने इस मुकदमे की विवेचना शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी ने इस मामले में रोडवेज के कर्मचारियों से पूछताछ भी की है। हालांकि पुलिस कुछ कहने से इनकार कर रही है।