कैंप कार्यालय हल्द्वानी में जन समस्याएं सुनते कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत। संवाद
हल्द्वानी। आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतों को मौक पर हल कराया। पीपलसाना रामनगर से आए विमल कुमार ने कहा कि गुलजारपुर एवं लोअर कोसी बीट क्षेत्र में कुछ लोग शीशम, सागौन आदि पेड़ों की अवैध कटाई कर रहे हैं। इस पर आयुक्त ने डीएफओ को जांच के निर्देश दिए।
गोविंदपुरा हल्द्वानी निवासी तरनजीत कौर ने आयुक्त को बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में सुलभ खंडेलवाल से रौसिल हैड़ाखान में फ्लैट खरीदा था। फ्लैट के सभी आंतरिक कार्यों के साथ मौके से गुजर रही हाइटेंशन लाइन को शिफ्ट कराने का एग्रीमेंट किया था। फ्लैट की रजिस्ट्री वर्ष 2023 में हो चुकी है और पूरा भुगतान भी कर दिया गया है। उन्होंने एग्रीमेंट के तहत कार्य न करने की शिकायत की। इस पर विक्रेता सुलभ खंडेलवाल ने कहा कि विद्युत लाइन की शिफ्टिंग एक सप्ताह में करा दी जाएगी। इसका भुगतान वह स्वयं करेंगे। आयुक्त ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं हुए तो विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई होगी। हल्द्वानी निवासी मदन गोपाल अग्रवाल ने बताया कि हरीपुर सूखा के पास स्थित उनके व्यावसायिक फ्लैट के बराबर में स्थित प्लॉट की अधिकृत चौड़ाई 26 फीट है लेकिन संबंधित व्यक्ति 36 फीट में व्यवसायिक निर्माण करा रहा है। आयुक्त ने प्राधिकरण के अभियंता को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। कहा कि यदि निर्माण प्राधिकरण की स्वीकृति के अनुरूप नहीं होगा तो चालानी कार्रवाई की जाए। जमीन के विवादों से जुड़े अन्य मामले भी उन्होंने निपटाए।