संवाद न्यूज एजेंसी
हल्द्वानी। उत्तराखंड की कृषि उपज मंडियों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम उठाया जा रहा है। इसकी शुरुआत हल्द्वानी मंडी से होगी। यहां सबसे पहले बूम बैरियर लगाए जाएंगे। इसके लिए उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की ओर से कार्रवाई की जा रही है।
महाप्रबंधक वित्त जुबक सक्सेना ने बताया कि मार्च के पहले सप्ताह तक हल्द्वानी मंडी में बूम बैरियर लगाए जाएंगे। अगले माह निदेशालय में होने वाली मासिक बैठक में सभी मंडी सचिवों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। जहां सुरक्षा, प्रवेश-नियंत्रण और राजस्व पारदर्शिता पर चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि मंडी परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अन्य स्थान चिह्नित करके भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। बूम बैरियर और सीसीटीवी निगरानी से अवैध प्रवेश, बिना पंजीकरण वाहनों की आवाजाही और अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा। वहीं व्यापारियों और किसानों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिलेगा।