हल्द्वानी। कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार दोपहर को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और कोविड के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। करीब एक घंटे 10 मिनट के इस दौरे में वह जनरल बीसी जोशी कोविड अस्पताल भी पहुंचे और टीवी स्क्रीन से भर्ती मरीजों को देखा और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
करीब 12:40 बजे एसटीएच पहुंचे सीएम सबसे पहले मेडिसिन ओपीडी पहुंचे। उन्होंने मरीजों से बातचीत की और डॉक्टरों से ओपीडी में मरीजों की संख्या और उपचार के बारे में जाना। उन्होंने आपातकालीन विभाग, कोविड स्क्रीनिंग ओपीडी में भी व्यवस्थाओं को देखा। कोविड मरीजों की जांच और कोरोना संक्रमित गंभीर मरीजों का कैसे उपचार किया जाता इसके बारे में भी डॉक्टरों से जानकारी ली। कोविड मरीजों की जांच और उपचार से संतुष्ट दिखाई दिए।
आक्सीजन प्लांट देखने पहुंचे मुख्यमंत्री को राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि एक हजार एलपीएम क्षमता के दो, पीएम केयर फंड से स्थापित 500 एलपीएम क्षमता के दो और 1000 एलपीएम क्षमता के भी दो आक्सीजन प्लांट लगे हैं। उन्होंने सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी से जिले में स्वास्थ्य और कोरोना लहर से बचाव की तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली।
इस दौरान चिकित्साधीक्षक डॉ. वीएन सत्यवली, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. भुवन नोडल, इंजीनियर रवि पाल, सहायक अभियंता पंकज बोहरा, जन संपर्क अधिकारी आलोक उप्रेती आदि मौजूद रहे।
जन औषधि केंद्र में ली जानकारी
सीएम धामी ने परिसर में जन औषधि केंद्र का भी निरीक्षण किया और दवाओं की जानकारी ली। दवा लेने पहुंचे लोगों से मास्क पहनने को भी कहा।
जनरल बीसी जोशी कोविड अस्पताल का किया निरीक्षण
सीएम ने राजकीय मेडिकल में स्थापित जनरल बीसी जोशी कोविड अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डीआरडीओ की निदेशक डॉ. मधुबाला से ऑक्सीजन प्लांट कैसे कार्य करता है तथा कोविड मरीजों तक आक्सीजन कैसे पहुंचती है इसके बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कोरोना रोगियों के लिए एनआईसीयू बेड, सामान्य बेड, आईसीयू बेड के बारे में तथा डीआरडीओ द्वारा स्थापित 20 केएल क्षमता के आक्सीजन प्लांट को भी देखा।
मेडिकल कालेज के छात्रों ने मानदेय का मुद्दा उठाया
हल्द्वानी। मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान सीएम से नर्सिंग कॉलेज के छात्रों ने भी मुलाकात की और बताया कि कोविड की दूसरी लहर के दौरान नर्सिंग कॉलेज के छात्रों ने भी तीन माह तक स्वास्थ्य सेवाएं दी थीं। तब उनको तीन माह का मानदेय देने की बात कही गई थी। मुख्यमंत्री ने आचार संहिता का हवाला देते हुए कहा की अभी वह कोई घोषणा नहीं कर सकते हैं।
सभी जिलों के डीएम, सीएमओ को किया है अलर्ट
हल्द्वानी। सीएम ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में बताया कि ओमिक्रोन का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। पीएम ने इस बारे में देश के सभी मुख्यमंत्रियों से बात की है। सभी जिलों के डीएम और सीएमओ को अलर्ट मोड में रखा गया है। ऑक्सीजन प्लांट सभी जगह लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ओमिक्रोन लो लेकर प्रदेश में पहले से तैयारी कर ली गई थी। 15 जनवरी तक धार्मिक, सांस्कृतिक रैलियों का आयोजन प्रतिबंधित किया गया है। कहा कि हल्द्वानी मेडिकल का एक बड़ा केंद्र है। कुमाऊं और आसपास के लोगों को यहां आना पड़ता है। जो कमियां होंगी उन्हें दुरुस्त किया जाएगा। फिलहाल लोगों के जानमाल की हिफाजत करना उनकी प्राथमिकता है।