नैनीताल। बढ़ती गर्मी और खानपान में लापरवाही के कारण नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में बुधवार को मरीजों की लंबी कतारें देखी गईं। ओपीडी में 537 मरीज पहुंचे जिनमें पेट संबंधी, उल्टी-दस्त और वायरल के मामले अधिक थे।
बुधवार को बीडी पांडे अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। पर्ची काउंटर से ओपीडी तक लंबी कतारें देखी गईं। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एमएस दुग्ताल ने बताया कि गर्मी बढ़ने से मरीजों की संख्या बढ़ी है। पेट दर्द, उल्टी-दस्त, फूड प्वाइजनिंग और वायरल के मरीज अधिक हैं। बाहर का खाना व साफ-सफाई न रखने से संक्रमण फैल रहा है। डॉ. दुग्ताल ने हल्के व ताजे भोजन, अधिक पानी, खुले में रखे खाद्य पदार्थों को खाने से बचने और साफ-सफाई का ध्यान रखने की सलाह दी है।