रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में अब नेचर गाइडों के शुल्क में वृद्धि की गई है। यह वृद्धि दो साल बाद हुई है। अब सैलानियों को 800 के बजाय 900 रुपये खर्च करने होंगे।
सीटीआर में हर दूसरे साल नेचर गाइडों के शुल्क (उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) में वृद्धि होती है। कोरोना काल के दौरान वृद्धि नहीं हुई थी, ऐसे में अब 2024 में शुल्क में वृद्धि की गई है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डाॅ. धीरज पांडेय ने बताया कि नेचर गाइडों के शुल्क में सौ रुपये की वृद्धि की गई है। पहले नेचर गाइड को पर्यटकों को भ्रमण कराने के लिए 800 रुपये दिये जाते थे, लेकिन अब वह 900 रुपये मिलेंगे। यह वृद्धि नियमानुसार की गई है। जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों के साथ जाने वाले नेचर गाइडों के शुल्क में कार्बेट प्रशासन ने इजाफा कर दिया है।
शुल्क बढ़ाए जाने की मांग नेचर गाइड लंबे समय से कर रहे थे। बता दें कि कार्बेट पार्क में ढाई सौ नेचर गाइड पंजीकृत हैं। गाइड ले जाना हर प्रत्येक के लिए अनिवार्य किया गया है। गाइड पर्यटक को सफारी के नियमों की जानकारी देता है।