चंपावत में पहाड़ी से मलबा आने से सड़क बंद
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत जिले में रविवार से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते सीमांत क्षेत्र को जोड़ने वाली टीजे सड़क, घाट-पनार एनएच समेत दो ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। घाट-पनार एनएच पर सोमवार सुबह से बारिश के कारण मशान बाबा मंदिर के पास मलबा आने से यातायात बाधित है। मार्ग बंद होने से कई वाहन फंस गए हैं। एनएच को खोलने के लिए मशीनों को मौके पर लगाया गया है। वहीं, पिथौरागढ़ जिले में रात से बारिश जारी है। बारिश को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। काशीपुर में सोमवार सुबह से बादल छाए हुए हैं।