अब बरसात में रानीबाग और अमृतपुर इलाके के लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। लोक निर्माण विभाग का दावा है कि अगले महीने रानीबाग, अमृतपुर में बन रहे दोनों झूला पुल तैयार हो जाएंगे। इसमें रानीबाग का पुल सबसे पहले जनता की सुविधा के लिए खोला जाएगा।
अमृतपुर में 2011 में आयी आपदा के बाद डहरा का झूला पुल ध्वस्त हो गया था। यहां पर करीब 102 मीटर लंबा पुल बनने के साथ करीब दो करोड़ रुपये से सिंचाई विभाग द्वारा प्रोटेक्शन वर्क की योजना बनाई गई। इसी तरह चित्रेश्वर (रानीबाग) में भी करीब 80 मीटर लंबा पुल की योजना बनाई गई। इसका बजट 2 करोड़ 31 लाख रखा गया है।
अगर बात समय सीमा की करें, तो यह कब की निकल चुकी है। पर लोक निर्माण विभाग पुल तैयार नहीं कर सका। अब लोनिवि का दावा है कि अगले महीने दोनों पुल काम करने लगेंगे। अधिशासी अभियंता सुनील गर्ग कहते हैं कि दोनों झूला पुल का काम करीब पूरा हो चुका है।
जुलाई के पहले सप्ताह में रानीबाग और उसके कुछ दिनों बाद अमृतपुर के पुल पर आवाजाही सामान्य करने का लक्ष्य रखा गया है। पुलों के चालू होने के बाद क्षेत्र से जुड़े दोनों तरफ के गांव के लोगों की मुश्किल काफी हद तक कम हो सकेगी।