फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्बेट की नगरी में ‘कूड़े के योद्धा’

Mon, 09 Feb 2015 01:43 AM IST
प्रकाश नैनवाल/अमर उजाला,कालाढूंगी(नैनीताल)
विज्ञापन
विज्ञापन
सफाई की शुरूआत घर से होती है, लेकिन यह गुण बाहर आते-आते अवगुण बन जाता है। यानी कभी कूड़े को नहर में फेंक देना, खाली प्लाट में चुपके से घर का कूड़ा गिराना या फिर सड़क किनारे गंदगी का ढेर लगा देना। लोगों की ऐसी आदतों को बदलने के मकसद से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झाड़ू उठाया। कार्बेट की नगरी में गंदगी के खिलाफ पिछले डेढ़ साल से यह लड़ाई लड़ रहे हैं ‘कूड़े के योद्धा’।
विज्ञापन


23 योद्धाओं की फौज कार्बेट नेशनल पार्क से लगे 11 गांवों, 12 स्कूलों और सात होटलों से कूड़ा इकट्ठा करने के साथ ही लोगों को भी सफाई के प्रति प्रेरित कर रही है। असल में इनकी टीम का नाम वेस्ट वॉरियर्स’ है। इसीलिए टीम में शामिल लोगों को कूड़े के योद्धा कहा जाता है। पिछले चार दिनों से टीम ने बर्ड फेस्टिवल के दौरान चूनाखान, छोटी हल्द्वानी, सीताबनी और पवलगढ़ में सफाई अभियान चलाकर कुल 2200 किलो जैविक-अजैविक कूड़ा इकट्ठा किया।

एनजीओ हिमाचल प्रदेश की है लेकिन इससे जुड़े लोग स्थानीय युवा और महिलाएं हैं। अक्तूबर 2013 से वेस्ट वॉरियर्स ने गांवों में सफाई का मिशन शुरू किया था। जिन गांवों से कूड़ा उठाया जाता है, वहां के लोगों से यह टीम नगर पालिका या नगर पंचायतों की तरह कोई टैक्स नहीं लेती, बल्कि जमा कूड़े को बेचकर सारा खर्च चलाया जाता है। सिर्फ होटलों से कूड़े का किराया लिया जाता है। कूड़ा इकट्ठा करने के लिए हर गांव में प्लास्टिक बैग रखे गए हैं और हफ्ते में एक बार टीम के सदस्य कूड़ा उठाने जाते हैं।
विज्ञापन

जैविक कूड़े से खाद तैयार करने के लिए 11 गांवों में 45 कंपोस्ट पिट बनाए गए हैं। प्रतिदिन इन गांवों से करीब 500 किलो कूड़ा निकलता है और सप्ताह में साढ़े तीन हजार किलो कूड़े को टीम उठाकर लाती है। प्लास्टिक, कांच, टूटा कांच, पेपर, गत्ता और टिन के कूड़ा रिसाकिल होने से इसकी बिक्री में दिक्कत नहीं आती। कूड़े के योद्धाओं का लक्ष्य ग्रामीण समाज में सफाई का गुण घर से बाहर भी बनाए रखना है और अब तक कई गांवों के लोग इनके कार्य से प्रेरित भी हुए हैं।

वेस्ट वॉरियर्स ने यह गांव लिए हैं गोद
क्यारी, रिंगौड़ा, ढिकुली, गर्जिया, मोहान, कुनखेत, चुकुम, भकराकोट, कुमेरिया, बलूलू और साकर।
(इसके अलावा क्यारी में चार, ढिकुली में एक और भकराकोट में दो होटलों से कूड़ा उठाया जाता है)

ये हैं टीम में शामिल
मीनाक्षी पांडे (लीडर), रघु बिष्ट, शैलेश तिवारी, एलीना सरकार, सुरेश, गौरी पांडे, प्रदीप टंडन, सनम शर्मा, सचिन गुप्ता, श्रद्धा जिंदे, नवीन कुमार, धनी राम, चंदन मेहरा, मुन्नी देवी, श्यामा देवी, विक्रांत त्यागी, महेंद्र पाल, ललित कुमार, महेंद्र कुमार, सुरेश, धर्मेंद्र मेहरा, नवीन और पवन।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें