हल्द्वानी। तैराकी सीखने आए 11वीं की छात्र अभिनव उर्फ अमन पांडे (17) की शुक्रवार को तरणताल में डूबने से मौत हो गई। अभिनव के हाथ-पैर में रगड़ के निशान मिले हैं। हादसे के बाद तरणताल में मौजूद सभी लोग मौके से चले गए। सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह के साथ सहायक निदेशक अख्तर अली और सीओ राजेंद्र सिंह हृयांकी ने तरणताल का मौका मुआयना किया। वहीं परिजनों ने घटना के लिए कोच की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
हीरानगर निवासी काठगोदाम डिपो के परिचालक राजेश पांडे के इकलौते पुत्र अभिनव उर्फ अमन (17) ने एक सप्ताह पहले तरणताल में स्विमिंग सीखने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। शुक्रवार सुबह वह दोस्तों के साथ तरणताल पहुंचा। नॉन स्विमर बच्चों के लिए तरणताल में रस्सी बांधकर एक अलग जोन बनाया गया है, लेकिन अमन अपने दोस्तों के साथ डीप जोन में चले गया। उसने दोस्तों के साथ डीप जोन में छलांग मार दी।
देर तक बाहर नहीं निकलने पर उसके दोस्तों रजत भंडारी, पंकज तिवारी ने उसे ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कोच ललित बोरा को घटना की जानकारी दी। ललित ने तुरंत पानी में कूद मारकर करीब पांच मिनट बाद अमन को बाहर निकाला। ललित ने अमन को पंपिंग देने के बाद उसे सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर उपस्थित करीब सौ बच्चे तरणताल से चले गए। तरणताल में भी ताला लगा दिया गया। घटना का मौका मुआयना करने जब सिटी मजिस्ट्रेट वहां पहुंचे तो तरणताल में ताला लगा था। सिटी मजिस्ट्रेट ने सहायक निदेशक अख्तर अली को तत्काल मौके पर पहुंचने को कहा।
सीओ राजेंद्र सिंह ह्यांकी के साथ सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह ने तरणताल का मुआयना किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था सही नहीं होने पर सवाल उठाए। इधर, हादसे की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर अमन का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद से पिता राजेश पांडे, मां उमा पांडे और बड़ी बहन दीक्षा का रोते-रोते बुरा हाल है।