हल्द्वानी। पांच साल से निगम की सुविधा लेने वाले लोगों से नगर निगम भवन और स्वच्छता कर वसूल करेगा। इसके लिए निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। अनुमान के मुताबिक करीब 46 हजार घरों से यह कर वसूला जाएगा। इससे निगम को करीब तीन करोड़ का अतिरिक्त फायदा होगा।
नगर निगम ने 2015 में एक सर्वे यह पता लगाने के लिए कराया था कि निगम क्षेत्र में कितने ऐसे घर हैं, जो निगम की सेवा का इस्तेमाल तो कर रहे हैं लेकिन भवन कर नहीं दे रहे हैं। उस समय 34 हजार भवन ऐसे पाए गए थे जो भवन और स्वच्छता कर नहीं दे रहे हैं।
नगर निगम अब अपनी आय बढ़ाने के लिए ऐसे भवनों में कर लगाने जा रहा है जो नजूल या वन भूमि में बसें हैं। इसमें दमुवाढूंगा, बनभूलपुरा और बाजार क्षेत्र के करीब 46 हजार घर आएंगे। कर निरीक्षक पूजा चंद्रा ने बताया कि पांच साल से निगम की सुविधा लेने वाले लोगों से निगम कर वसूल कर सकता है। इस आधार पर कर लगाने की तैयारी की जा रही है।
अभी तक 11 लाख ही कर वसूल कर पाया है निगम
हल्द्वानी। कोरोना के कारण नगर निगम की कर वसूली भी प्रभावित हुई है। नगर निगम प्रत्येक वर्ष करीब 2.5 करोड़ रुपया भवन व स्वच्छता कर वसूल करता है लेकिन करोना काल के कारण सिर्फ 11 लाख रुपये भवन व स्वच्छता कर के रूप में वसूल पाया है।
सरकारी भवनों को भी नोटिस देने की तैयारी
हल्द्वानी। भवन और स्वच्छता कर नहीं देने वाले सरकारी आवास व कार्यालयों से भी नगर निगम भवन और स्वच्छता कर वसूल करेगा। नगर निगम ऐसे कार्यालयों को नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है। इससे पूर्व भी नगर निगम इन कार्यालयों को नोटिस भेजा जा चुका है।