नैनीताल/भीमताल। आमतौर पर सप्ताहांत में नैनीताल में लगने वाला सैलानियों का जमघट इस बार शनिवार को नजर नहीं आया। शहर के बाहर बनाई गई अस्थायी पार्किंगें ही नहीं बल्कि शहर के भीतर की पार्किंग भी पैक नहीं हुई। दोपहर बाद तक माल रोड से लेकर बाजारों तक कुछ ही सैलानी ही चहलकदमी करते नजर आए। भीमताल और उसके आसपास भी सैलानी कम दिखे।
व्यवस्थाएं बेपटरी होने पर जिला प्रशासन ने कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट साथ लाने, पार्किंग वाले होटलों में एडवांस बुकिंग कराने वाले सैलानियों को ही नगर में प्रवेश देने और सैलानियों के दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस सप्ताहांत तो प्रशासन ने बगैर मास्क पहने लोगों की आरटीपीसीआर जांच करने के भी निर्देश दिए थे। इसका असर शनिवार को दिखा। सैलानियों से खचाखच भरा रहने वाला पंत पार्क, माल रोड और चाट पार्क में भी ज्यादा भीड़ नजर नहीं आई। सैलानियों की आवाजाही कम होने के कारण दोपहर बाद तक रूसी बाईपास और नारायण नगर की अस्थायी पार्किंगों में गिने चुने वाहन ही खड़े थे। सड़कों में भी कहीं जाम की स्थिति नहीं रही। कई होटल भी खाली रहे।
रूसी बाईपास में शटल सेवा के टैक्सी चालक सलीम ने बताया कि इस बार काफी कम सैलानी पहुंच रहे हैं। रूसी बाईपास में पार्किंग का काम देख रहे जिला पंचायत के राजस्व निरीक्षक दीपक उपाध्याय ने बताया कि पिछले दो सप्ताहांत के मुकाबले इस शनिवार को पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है।
एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सीमा पर चेकिंग की जा रही है। उन्हीं सैलानियों को जिले में प्रवेश दिया जा रहा है जिनके पास कोविड की निगेटिव रिपोर्ट है। नैनीताल आने वाले सैलानियों के लिए भी अलग से नियम हैं, जो सैलानी इन नियमों पर खरे नहीं उतर रहे हैं उन्हें भीमताल, रामगढ़, मुक्तेश्वर आदि क्षेत्रों को भेजा जा रहा है।
भीमताल, सातताल और नौकुचियाताल में कम पहुंचे सैलानी
भीमताल (नैनीताल)। भीमताल, सातताल और नौकुचियाताल में सैलानियों की आवाजाही पिछले सप्ताह से कम देखने को मिली। भीमताल में माया रेजेंसी होटल के मैनेजर नंदन सिंह, लीला पैलेस रिजॉर्ट प्रबंधक रमन सिंह बिष्ट ने बताया कि इस बार के सप्ताह के अंत (वीकेंड) में सैलानियों की संख्या कम देखने को मिली। कायकिंग संचालक कमल पलड़िया, नाव संचालक नवल कुमार ने भी बताया कि सैलानियों की कम संख्या से इस बार कारोबार में असर देखने को मिला है।
नैनीताल में कोरोना जांच को तीन टीमें मुस्तैद
नैनीताल/गरमपानी। कोरोना नियमों का उल्लंघन करने वालों की एंटीजन जांच के लिए शनिवार को शहर में स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें मुस्तैद नजर आईं। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल के निर्देश पर शनिवार को यहां बारापत्थर क्षेत्र, पंत पार्क और तल्लीताल स्थित चुंगी में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मास्क न लगाने वाले सैलानियों और स्थानीय लोगों की कोविड जांच की। उधर, खैरना-रानीखेत मोटर मार्ग में भुजान बैरियर पर शनिवार को रानीखेत की तरफ जाने वाले वाहनों में सवार यात्रियों की कोविड की जांच की गई। एसआई बृजमोहन भट्ट ने बताया कि एक वाहन में सवार छह लोगों की ओर से कोविड जांच रिपोर्ट नहीं दिखाने पर वाहन को वापस कर दिया गया।