नैनीताल। पुलिस लाइन नैनीताल में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड आयोजित की गई जिसमें पुलिस का शौर्य, अनुशासन, फिटनेस और उत्साह देखने को मिला। परेड के मुख्य अतिथि एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जवानों की ड्रिल, टर्नआउट, फिजिकल फिटनेस और वेपन हैंडलिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने सलामी लेने के बाद परेड आरंभ कराई और जवानों को शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना ही एक पुलिस जवान की असली पहचान है। परेड के दौरान एसएसपी ने जवानों का टर्नआउट चेक किया और उन्हें टोलीवार ड्रिल कराई। जवानों ने मार्च-पास्ट, तेज चाल, दौड़ चाल, स्क्वाड ड्रिल और शस्त्राभ्यास का शानदार प्रदर्शन किया। एसएसपी ने पुलिस लाइन के भोजनालय और मदों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता भी परखी। एमटी शाखा में वाहनों की स्थिति की जांच कर सभी गाड़ियों को दुरुस्त हालत में रखने के निर्देश दिए। परेड में एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ नितिन लोहनी, दीपशिखा अग्रवाल, सुमित पांडे, अमित कुमार, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह आदि मौजूद रहे।