कच्ची उम्र में परवान चढ़े प्यार और शादी की जिद में 10वीं की छात्रा ने कीटनाशक खाकर जान दे दी। वह 11वीं में पढ़ने वाले अपने दोस्त से शादी करना चाहती थी मगर घर वाले दोनों के नाबालिग होने की दुहाई दे रहे थे।
ऊधमसिंह नगर के बिठौरी नानकमत्ता की रहने वाली छात्रा ने रविवार को कीटनाशक खाया तो हालत बिगड़ गई। उसे पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां से एसटीएच के लिए रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर वालों ने पुलिस को बताया कि वह पड़ोस में रहने वाले 11वीं के छात्र से प्यार करती थी। दोनों का प्यार इतना परवान चढ़ा कि उन्होंने शादी करने के लिए अपने-अपने घर प्रस्ताव रख दिया। परिवार के लोगों ने समझाया कि नाबालिग उम्र में शादी करना कानून के खिलाफ है।
बताया जा रहा है कि लड़की मानने के लिए तैयार नहीं थी। रविवार की सुबह उसने खाना खाने से इनकार कर दिया। कुछ ही देन में वह उल्टी करने लगी। छात्रा चार भाई बहनों में दूसरे नंबर की थी।