नैनीताल। मल्लीताल में नयना देवी मंदिर के पास स्थित जल पुलिस की चौकी में देर शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय वहां पर्यटक मौजूद थे जिससे अफरातफरी मच गई। हालांकि अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पा लिया।
बृहस्पतिवार देर शाम अचानक जल पुलिस की चौकी से आग के साथ धुंआ उठने लगा। इस दौरान चौकी के अंदर रखी नाव चालकों की लाइफ जैकेट में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठतीं देख मंदिर समिति के सदस्य व अन्य लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने दमकल को सूचित कर आग बुझाने के प्रयास किया। आग ज्यादा होने के चलते वह सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी हरनाम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया गया। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि चौकी को काफी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती अनुमान है कि अराजक तत्वों की शरारत से आग लगी है।