रीठा साहिब (चंपावत)। पाटी ब्लॉक के बालातड़ी गांव के सुंदरचौड़ तोक में जंगल की आग से एक घर जल गया। इसके अलावा कई फलदार पेड़-पौधे भी आग की भेंट चढ़ गए। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब दस बजे सुंदरचौड़ तोक के पास जंगल में लगी आग गांव की ओर बढ़ने से पहले लोगों ने बुझा दी थी। लेकिन कुछ देर बाद दोबारा आग सुलग गई, जो गांव तक पहुंच गईं। सूखी घास और लकड़ियों के जलने से उठीं लपटों से हरीश चंद्र का एक मंजिला लकड़ी का मकान जल गया। सरपंच हेम भट्ट, उमेश चंद्र, प्रेमबल्लभ, विजय, जगदीश चंद्र, खीमानंद भट्ट, रेवती, कमला, रेखा आदि ने आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने आग की सूचना आपदा नियंत्रण कक्ष को देकर प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा देने की मांग की है।
दो दुकानों में आग से लाखों का सामान जला
टनकपुर (चंपावत)। बृहस्पतिवार की रात दो दुकानों में आग लगने से लाखों का सामन जल गया। घटना में करीब 37 लाख रुपये का नुकसान होना बताया गया है। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। अनुमान है कि शॉर्टसर्किट से आग लगी है।
शहर के एफसीआई तिराहा में स्थित जय अंबे इलेक्ट्रिकल दुकान से देर रात करीब 12:15 बजे धुआं निकलते देख किसी ने दुकान स्वामी गोविंद सिंह महर को सूचना दी। इस पर वह आनन फानन में दुकान पहुंचा, जहां गोविंद और पास की रेडिमेड गारमेंटस दुकान तक आग पहुंच गई थी। सूचना पर अग्निशमन टीम और पुलिस ने बमुश्किल आग बुझाई। जय अंबे इलेक्ट्रिकल दुकान का सारा सामान जल गया, जबकि भट्ट गारमेंट दुकान आधी जल चुकी थी। दुकान स्वामी गोविंद ने बताया कि आग से करीब 27 लाख का सामान और कागजात जल गए। इधर, भट्ट गारमेंटस के स्वामी दीपक चंद्र भट्ट के अनुसार उसकी दुकान में करीब दस लाख का सामान जल गया है। अग्निशमन दल में श्याम सिंह, चरण सिंह, जसवंत सिंह राणा, राजू कुमार, हरविंदर सिंह, मुकेश कुमार, रवि सिंह शामिल थे।