नैनीताल। ट्रेड टैक्स की संशोधित दरों के गजट नोटिफिकेशन के बाद पालिका को होटलियर्स से बेहतर आय की उम्मीद जगी है। शनिवार को होटल एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने पालिकाध्यक्ष डा. सरस्वती खेतवाल एवं अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा से मुलाकात की। तय किया गया कि होटलियर्स ट्रेड टैक्स की संशोधित दरों के बिल त्वरित जमा कर देंगे लेकिन पूर्व की धनराशि के लिए आगामी बैठक में चर्चा कर उसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
होटल एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने कहा कि पालिका की ओर से वर्ष 2023 से ट्रेड शुल्क की दरों में बढ़ोतरी की गई थी जिसके चलते होटलियर्स से लिए जाने वाला शुल्क भी बढ़ गया था। होटल एसोसिएशन से जुड़े सदस्यों ने इसे अव्यावहारिक बताते हुए शुल्क जमा ही नहीं किया। ईओ शर्मा ने शासन से संशोधित दरों का गजट नोटिफिकेशन होने की पुष्टि की। एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि सभी सदस्य वर्तमान वर्ष के देयक देने के लिए तैयार हैं। पूर्व के भुगतान पर आपसी विचार विमर्श कर पालिका के साथ बैठक कर निर्णय लिया जाएगा। इस मौके पर एसोसिएशन के महासचिव वेद साह, उपसचिव रमनजीत सिंह, गीता पांडे, लोकेश जोशी आदि मौजूद रहे।