हल्द्वानी। दीपावली अवकाश के बाद नौकरी पेशा लोग गंतव्य को लौटने लगे हैं। स्टेशन में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। बृहस्पतिवार सुबह बस स्टेशन में भीड़ लगनी शुरू हो गई थीं। दिन में सुनसानी रही लेकिन शाम को काठगोदाम और हल्द्वानी बस स्टेशन में एकाएक यात्री स्टेशनों में दिखने लगे। हल्द्वानी बस स्टेशन से दिल्ली-गुरुग्राम जाने वाली जनरथ और वाॅल्वो फुल गई। चंडीगढ़ और देहरादून जाने वाली बसों के भी दोपहर तक ऑनलाइन टिकट आधे से अधिक हो चुके थे।
हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन में सुबह के समय काफी चहल पहल दिखी। दिल्ली की जनरथ एसी और वाॅल्वो की सीटें पहले ही ऑनलाइन बुकिंग से फुल हो गई थीं। साधारण बसों में भी आधे से अधिक सीटें फुल रहीं। देहरादून और चंडीगढ़ की बसों में भी कोई सीटी खाली नहीं थीं। रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि शनिवार और रविवार तक यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा रहेगा।
.......
अभी स्थिति सामान्य है। दिल्ली रूट पर 22 बसें भेजी जा रही हैं। अभी बहुत ज्यादा पैसेंजर नहीं हैं। दिल्ली के अलावा गुरुग्राम की साधारण बस फिलहाल फुल हैं। चंड़ीगढ़ और देहरादून की एक दो बसों को छोड़ दें तो ज्यादा भीड़ नहीं है। - संजय पांडे, एआरएम हल्द्वानी डिपो
.......
काठगोदाम में यात्रियों की रही भीड़
काठगोदाम में यात्रियों की काफी भीड़ रही। काठगोदाम डिपो से निगम की 47 और 27 अनुबंधित बसें दिल्ली, मुरादाबाद, बरेली व देहरादून को निकलीं। इनमें दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, मुरादाबाद, बरेली देहरादून की बसें पैक रहीं। एआरएम काठगोदाम गणेश पंत ने बताया दिल्ली के लिए 18 सीएनजी और एक बस गुरुग्राम गई। एक चालक के न आने से दिल्ली को जाने वाली एक सीएनजी नहीं गई। बताया कि अगले दो तीन दिनों में यात्रियों की संख्या और ज्यादा बढ़ेगी।