हल्द्वानी कालाढुगी रोड आर्दश नगर के पास हल्दू का पेड़ कटवाती वन निगम की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
आदर्श नगर के डेढ़ सौ साल के हल्दू पेड़ के सामने कई पीढ़ियां गुजरी हैं। उसने यहां के लोगों को छांव और जीवनदायनी हवा दी और न जाने कितने लोगों के अनुभव, यादें भी इससे बावस्ता रही होगी।
बहरहाल, अब यह हल्दू का वृक्ष नहीं दिखाई देगा... खतरा और मुसीबत, सुविधा के तर्क पर शहर के पुराने वृक्षों में एक इस हल्दू के पेड़ को काट दिया गया।
मुखानी रोड पर एक शापिंग माल के पास पुराना हल्दू का विशाल पेड़ था। वन विभाग के अनुसार इस पेड़ की जड़ों के घरों और दुकानों में पहुंचने, जानमाल के नुकसान आदि का खतरा बताते हुए स्थानीय लोगों ने पत्र दिया था और इसे काटने की मांग की थी।
इसके बाद वन निगम के माध्यम से पेड़ कटवाया जा रहा है। इसके लिए बुधवार को बिजली का बाकायदा शट डाउन भी लिया गया। वहीं, हरियाली से प्रेम करने वाले पेड़ काटे जाने से आहत हैं। इसमें लॉपिंग आदि के विकल्प को तलाश करने की बात भी कही गई।
बहरहाल, अब शहर में गिने-चुने जो हल्दू के पेड़ बचे हैं, उसमें यह पेड़ भी था। इस पेड़ के कटने के बाद लोगों को छांव और हरियाली नहीं मिलेगी। वहीं, लोनिवि ने कालाढूंगी रोड पर जलभराव की समस्या दूर करने (एक किमी का ड्रेनेज नाला) के साथ मार्ग चौड़ीकरण की योजना का प्रारंभिक खाका खींचा है, उसमें रोड पर स्थित कुछ पेड़ों को काटा जाना है।