भीमताल के ठंडी सड़क पर पेड़ टूटने से क्षतिग्रस्त सड़क। संवाद
नैनीताल। पिछले चौबीस घंटे में नैनीताल जिले में हल्द्वानी में सर्वाधिक 254 मिलीमीटर (एमएम) बारिश रिकाॅर्ड की गई है जबकि कालाढूंगी में 68 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है।
मंगलवार को नैनीताल और इसके आसपास के क्षेत्रों में सुबह से लेकर शाम तक बारिश होते रही। इसके चलते नैनीताल-हल्द्वानी और नैनीताल-भवाली रोड पर कई जगह मलबा आ गया। हालांकि यातायात चलता रहा। नैनीताल में 33, धारी में पांच, बेतालघाट में 22, रामनगर में 31.4 और मुक्तेश्वर में 3.1 एमएम बारिश रिकाॅर्ड की गई है जबकि बीते चौबीस घंटे में कोश्याकुटौली तहसील क्षेत्र में कहीं भी बारिश नहीं हुई है। मंगलवार देर शाम तक बारिश से कहीं भी नुकसान की खबर नहीं थी। जिले में राजभवन-ईस्ट लेगन रोड समेत 18 सड़कें बंद हैं।
नैनीताल में जनवरी से अब तक के छह साल में सर्वाधिक बारिश
नैनीताल। नगर में बारिश ने बीते वर्षों के रिकाॅर्ड तोड़ दिए हैं। जिले में इस साल 1482 मिलीमीटर (एमएम) बारिश हो चुकी है, जो बीते छह वर्षों में सबसे अधिक है। सिंचाई विभाग की ओर से झील के पानी की निकासी की जा रही है। मंगलवार को झील का जलस्तर 10 फीट 8.5 इंच बना हुआ है। सिंचाई विभाग के मुताबिक बारिश से प्रतिदिन लगभग 3 से 4 इंच जलस्तर बढ़ रहा है। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता नीरज तिवारी ने बताया कि अब तक 1482 एमएम बारिश हुई है।
भीमताल के ठंडी सड़क पर पेड़ टूटने से क्षतिग्रस्त सड़क। संवाद