उत्तराखंड अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग ने गेस्ट फैकल्टी भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थी रश्मि नौटियाल को सम्मिलित न किए जाने पर उच्चशिक्षा निदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आयोग ने शिकायत के संबंध में निदेशक को 18 जनवरी को प्रात: दस बजे जवाब प्रस्तुत करने के आदेश भी दिए हैं।
देहरादून के रायपुर रोड विज्ञान विहार निवासी रश्मि नौटियाल ने उत्तराखंड अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग में शिकायत की है कि राजकीय महाविद्यालयों में रिक्त पदों पर गेस्ट फैकल्टी की भर्ती के लिए उसने भी आवेदन किया था लेकिन उसे भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित नहीं किया गया। इस शिकायत पर आयोग ने धारा 11 के अंतर्गत मामले की जांच कराने का निर्णय लेकर उच्चशिक्षा निदेशक को आठ जनवरी को साढ़े 11 बजे अपने प्रतिनिधि के माध्यम से जवाब दाखिल करने के आदेश दिए थे।
लेकिन कोई नहीं पहुंचा। इस पर आयोग ने पूर्व में जारी किए गए सम्मन का उल्लंघन माना। आयोग ने सम्मन की अवहेलना करने के लिए उच्चशिक्षा निदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
आयोग ने कहा है कि निदेशक अपने हस्ताक्षरों से अपना स्पष्टीकरण अपने नामित प्रतिनिधि के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे ताकि आयोग द्वारा इस पर अंतिम निर्णय लिया जा सके। इस संबंध में उच्चशिक्षा निदेशक डा. बीसी मेलकानी का कहना है कि गेस्ट फैकल्टी भर्ती में यूजीसी के मानकों के तहत शैक्षिक योग्यता पूरी करने वाले सभी अभ्यर्थियों को बुलाया गया तथा भर्ती में पूरी पारदर्शिता बरती गई।