पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कितना संजीदा है इसका एक और प्रमाण सामने आया है। महिलाओं की मदद के लिए शुरू की गई हेल्पलाइन 1090 का कई महीनों से बिल नहीं चुकाया गया है। 20 हजार का बिल पेंडिंग होने के कारण अब इस हेल्पलाइन नंबर के ही बंद होने के आसार हैं। बीएसएनएल ने बिल चुकता करने का रिमाइंडर पुलिस विभाग को भेजा है।
पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 100 पहले ही ज्यादातर समय खराब रहता है, जिससे लोगों को जरूरत के वक्त पुलिस को सूचना देने में काफी दिक्कत होती है। महिलाओं की विशेष मदद के लिए मिनिस्ट्री ऑफ होम एफेयर्स की ओर से सभी जनपदों में 24 घंटे की 1090 टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू की गई थी, जिसमें पीड़ित महिलाएं कभी भी फोन कर सकती हैं।
पुलिस विभाग की ओर से इसके लिए बीएसएनएल को सेवा कर के रूप में हर माह कुछ निर्धारित रकम देनी होती है, लेकिन हल्द्वानी में इस हेल्पलाइन का 20 हजार का किराया बकाया है, जिसके चलते हेल्पलाइन पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है। एसएसपी सेंथिल अबुदई ने बताया कि मुख्यालय से बजट आते ही बकाया चुका दिया जाएगा।