चौखुटिया थाने में प्रभावित परिवार के मुखिया गणेश राम को नकद धनराशि देती पुलिस ।
- फोटो : ALMORA
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। चौखुटिया थाना पुलिस ने आपदा से बेघर ग्राम पैली के एक परिवार की मदद के लिए 30 हजार रुपये जुटाए। इसमें से 20 हजार रुपये में जमीन खरीदकर 10 हजार रुपये से मकान बनाने का काम शुरू होगा। इस पहल से पुलिस ने प्रभावित परिवार का दिल जीतने के साथ ही हमारी व्यवस्था और सक्षम जनप्रतिनिधियों को भी आइना दिखाया है।
तहसील के दूरस्थ ग्राम पंचायत पैली में 26 अगस्त को भूस्खलन हुआ था। इससे गांव के गरीब गणेश राम का मकान ध्वस्त हो गया था। हादसे में गणेश राम की पत्नी, मां, चार बच्चे बाल-बाल बचे थे। घटना की सूचना मिलने पर कई लोगों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। तब से पुलिस प्रभावित परिवार का घर बनाने के लिए भूमि खरीदने का प्रयास कर रही थी। इसके लिए पुलिस ने गांव में कई लोगों से बात भी की। इस अभियान में मंगलवार को पुलिस को सफलता मिल गई। प्रभावित परिवार के लिए भूमि की व्यवस्था होते ही चौखुटिया थाना और मासी, खीड़ा के पुलिस कर्मियों ने 30 हजार रुपये चंदा जुटाया। मंगलवार को पुलिस ने प्रभावित परिवार को थाने में बुलाकर यह राशि सौंपी। इसमें से 20 हजार रुपये भूमि की लागत है, जबकि दस हजार रुपये मकान बनाने के लिए दिए गए हैं। थानाध्यक्ष अशोक कांडपाल, मासी चौकी प्रभारी सुनील धानिक, खीड़ा चौकी प्रभारी भूपेंद्र मेहता आदि ने आगे भी मदद का भरोसा दिया है। गरीब गणेश ने पुलिस के योगदान की सराहना की। कहा कि उन्होंने पुलिस का मानवीय चेहरा पहली बार देखा। वह पुलिस के इस उपकार को कभी नहीं भूल पाएंगे। ग्राम प्रधान नरेंद्र गिरी, सामाजिक कार्यकर्ता उमेश रावत आदि ने पुलिस के योगदान की सराहना की है।