नैनीताल। बीते दो दिनों से हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि मेट्रोपोल क्षेत्र में एक पेड़ सड़क पर गिर गया जिससे आवाजाही बाधित होने के साथ विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह दस बजे तक जारी रहा। इसके बाद दोपहर में पूरे शहर को घने कोहरे ने अपनी चपेट में ले लिया। कोहरे के कारण दृश्यता घटकर महज दस मीटर रह गई। इससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हुई। काफी देर तक कोहरे का असर बना रहा। हालांकि शाम होते-होते आसमान साफ हो गया। दिन भर धूप नहीं निकलने से मौसम में ठंडक महसूस की गई। तेज बारिश के कारण मेट्रोपोल क्षेत्र में पेड़ गिरने से सड़क पर खतरा बना रहा। इस घटना से कुछ घंटों तक बिजली गुल रही। विभागीय टीम ने मशक्कत से पेड़ को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु किया।
पहाड़ों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से मिली राहत
धानाचूली (नैनीताल)। भीमताल, धारी, ओखलकांडा, मुक्तेश्वर और रामगढ़ क्षेत्र में मंगलवार सुबह से शाम तक हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मुक्तेश्वर, भालूगाड़ वॉटरफॉल, रामगढ़ और आसपास के दर्शनीय स्थलों पर पहुंचे सैलानी होटलों में कैद रहे। जयपुर से पदमपुरी आए सैलानी अशोक गोठी ने बताया कि बारिश होने के चलते वह परिवार के साथ घूम नहीं पाए। बारिश के चलते पत्ता गोभी की फसल खराब होने की चिंता सता रही है। बुराशी गांव के किसान गौरव बिष्ट ने बताया अगर लगातार बारिश हुई तो पत्ता गोभी की फसल पूर्ण रूप से खराब हो जाएगी।