फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भीमताल के हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Thu, 22 Dec 2016 01:07 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो रुद्रपुर
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

 भीमताल में तैनात सितारगंज निवासी हेड कांस्टेबल की रुद्रपुर के निजी अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रोडवेज स्टेशन के पास बेहोशी की हालत में हेड कांस्टेबल परिजनों को मिला था। सूचना पर एसओ ट्रांजिट कैंप सुशील कुमार ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। देर रात एसएसपी सेंथिल अबुदई केएस ने भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। 
 सितारगंज सिसौना कोटा फार्म निवासी 48 वर्षीय अमर सिंह कंबोज तीन साल से भीमताल थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि बुधवार को अमर सिंह अपने किसी रिश्तेदार की अंत्येष्टि में केलाखेड़ा गए थे वहां से वापस आने पर वह पहले भीमताल गए और वहां सरकारी गाड़ी खड़ी करने के बाद रोडवेज बस से सितारगंज अपने घर के लिए रवाना हुए। रुद्रपुर बस स्टेशन पर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी बड़ी बेटी सुमन को फोन कर तबियत खराब होने की बात कही। 
विज्ञापन

सुमन ने रुद्रपुर आवास विकास निवासी अपने चाचा डा. दर्शन सिंह को सूचना दी। इस पर दर्शन सिंह बड़े भाई को लेने रोडवेज स्टेशन पहुंच गए। काफी देर खोजबीन के बाद रोडवेज परिसर में मौजूद एक कुली ने बताया कि अमर सिंह बेहोशी की हालत में मिले थे और उन्हें परिसर के कमरे में रखा गया है। दर्शन सिंह बेहोश अमर को पास ही के एक निजी अस्पताल मेें लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को गंभीर बताते हुए उन्हें हल्द्वानी ले जाने की सलाह दी। दर्शन सिंह के अनुसार इसी बीच अमर सिंह का शरीर नीला पड़ने लगा जिसे देखते हुए वह उन्हें दूसरे निजी अस्पताल में ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी सुशील कुमार ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मामले की जानकारी जुटाई। देर रात एसएसपी सेंथिल अबुदई ने भी अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। सुशील कुमार के अनुसार शव के पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
विज्ञापन


अमर ने खाया जहर या जहरखुरान का शिकार हुए 
रुद्रपुर। रोडवेज स्टेशन पर बेहोशी की हालत में मिले हेड कांस्टेबल अमर सिंह की मौत खुद जहर खाने से हुई या फिर वह जहरखुरान गिरोह का शिकार बन गए, यह पुलिस के लिए रहस्य बना हुआ है। अमर सिंह का शरीर नीला पड़ने से आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खाया था लेकिन रोडवेज की बसों में सक्रिय जहरखुरान गिरोह के चंगुल में अमर सिंह के फंसने की भी उम्मीद जताई जा रही है। यह भी चर्चा है कि पारिवारिक टेंशन भी थी। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें