नैनीताल। ठीक होली के दिन सरोवर नगरी के घनी आबादी वाले क्षेत्र स्टोनले कंपाउंड के लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा, हालत यह थी कि सुबह से लेकर शाम तक लोगों के नलों में एक बूंद पानी तक नहीं टपकी। दोपहर तक पानी न आने से लोगों ने तो जैसे-तैसे प्राकृतिक जलस्रोतों का सहारा लेकर काम चलाया। होली के दिन पानी न आने से लोग जल संस्थान को कोसते रहे।
करीब दो माह से एडीबी की ओर से नई पेयजल लाइन डाली जा रही है। इस लाइन में पेयजल कनेक्शनों को शिफ्ट किया जा रहा है। इसी कारण पहले भी कई बार स्टोनले क्षेत्र में पानी की समस्या से क्षेत्रवासियों को जूझना पड़ा है। होली के दिन भी ठीक ऐसा ही हुआ, सुबह जब लोगों ने अपने नल खोले तो उनमें पानी नहीं आ रहा था। दिनभर यही हालत रही। शाम को छह बजे बाद पेयजल आपूर्ति सुचारु हुई तब जाकर लोगों ने राहत महसूस की।
दिनभर पानी न आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्रवासियों का कहना था कि एडीबी, जल संस्थान के बीच तालमेल न होने का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। मामले में जल संस्थान के ईई जगदीप चौधरी ने भी नई पेयजल लाइन में कनेक्शनों की शिफ्टिंग को वजह माना। कहा कि होली जैसे त्यौहार के दिन पानी न आना गंभीर मामला है। चौधरी के मुताबिक इस मामले में एडीबी के अधिकारियों से वार्ता की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो।
नैनीताल। पानी पीने के बाद बिल चुकता न करने वाले उपभोक्ताओं पर जल संस्थान ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पहले चरण में नैनीताल डिवीजन के 11 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए हैं। इतना ही नहीं 137 उपभोक्ताओं को और चिन्हित कर लिया गया है। इनके कनेक्शन दो दिन के भीतर कटने हैं। वित्तीय वर्ष के मात्र 16 दिन शेष बचे हैं डिवीजन के तहत पांच ब्लॉकों से 9 करोड़ 80 लाख की वसूली करनी है। इसके सापेक्ष मात्र 6 करोड़ 58 लाख ही वसूल पाए हैं।
जलसंस्थान के ईई जगदीप चौधरी की मानें तो सरकारी, निजी दोनों ही प्रकार के उपभोक्ताओं को करीब एकपखवाड़े पूर्व बकाया बिल दे दिए गए हैं। विभाग के अभियंताओं की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में घर-घर, दफ्तरों में जाकर बिल वसूल रहे हैं। बार-बार आग्रह करने के बाद जब बिल चुकता नहीं किया तो विभाग ने मंगलवार को अयारपाटा, मेलरोज कंपाउंड, चार्टन लॉज क्षेत्रों के 3-3 जबकि वैभरली कंपाउंड के दो उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए हैं।
अब बिल जमा करने के बाद ही उनके कनेक्शन जोड़े जाएंगे। चौधरी ने कहा कि तल्लीताल बाजार के तहत बाजार के अलावा हरिनगर, भावर हॉल, रईस होटल, शेर का डांडा, लोअर डांडा, दुर्गा कॉटेज, रोहिला लॉज, रैमजे अस्पताल क्षेत्र के 72 जबकि मल्लीताल में बाजार, सात नंबर, चॉटन लॉज, बीडी पांडे जिला अस्पताल के आसपास के 65 ऐसे उपभोक्ताओं की लिस्ट तैयार कर ली है जिनके कनेेक्शन दो दिन के भीतर काट दिए जाएंगे। यह सभी उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्हें 4 गुना से अधिक राशि चुकानी है।
नैनीताल। ईई चौधरी ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए रविवार आदि राजकीय अवकाशों में भी कैश काउंटर खोला जा रहा है। बिल के बारे में किसी सरकारी, निजी उपभोक्ता को कोई संदेश हो तो वह उनके मोबाइल नंबर 9412085082 में संपर्क कर सकते हैं।