हल्द्वानी। वन आरक्षी की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। पूर्व सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा को तीन साल बाद याद आई कि बेरोजगारों को नौकरी मिलनी है और सरकारी पद खाली हैं।
खाली पदों के लिए इम्तिहान करवाए तो इम्तिहान करवाने से पहले ही पर्चा आउट कर दिया ताकि आम के आम और गुठली के दाम मिल जाएं। मतलब काम न करना पड़े और यह भी हो जाए कि देखो हमने तो पद निकाले हैं और भर भी रहे हैं। कहा कि यह पर्चा जो लीक किया गया वह सुनियोजित तरीके से किया गया है।
जिससे युवाओं को नौकरी न देनी पड़े। पूर्व सीएम के ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। किसी ने लिखा कि पूरे उत्तराखंड की परीक्षा रद्द होनी चाहिए। तो कुछ ने बड़े उद्योगपतियों का नाम भी लिखते हुए भी टिप्पणी कर दी। कुछ ने कांग्रेस के आला नेताओं पर टिप्पणी की।