भीमताल(नैनीताल)। भीमताल का हरेला महोत्सव का शुभारंभ 16 जुलाई को होगा। बृहस्पतिवार को हरेला महोत्सव के लिए शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नगर पालिका चेयरमैन सीमा टम्टा, सभासदों, व्यापारियों, स्थानीय लोगों और अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मंत्री ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
चेयरमैन सीमा टम्टा ने कहा कि महोत्सव को बेहतर बनाने के लिए मेले का आयोजन सिडकुल में कैंची धाम के लिए बनाई अस्थायी पार्किंग में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे मेले को नई पहचान मिलेगी। भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, प्रदीप पाठक, नीरज रैकुनी, गोपाल दत्त पलड़िया, कैप्टन महेश जोशी, पुष्कर सिंह मेहरा, डीके डालाकोटी, कुलदीप बोहरा ने चेयरमैन के प्रस्ताव पर सहमति जताई। भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट, भूपेंद्र कनौजिया, सूरज मेहरा ने कहा कि वर्षों से मेला रामलीला मैदान मल्लीताल में हो रहा है इसलिए मेला वहीं होना चाहिए। मंत्री ने मेलाधिकारी एसडीएम नवाजिश खलीक से सभी की सहमति के बाद मेले के लिए जगह चयनित करने को कहा। मंत्री ने बिजली, पेयजल, फायर, पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका से मेले को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस मेले को राज्य स्तरीय मेला घोषित कराने का पूरा प्रयास होगा। यहां सतीश लाल वर्मा, अनिल चनौतिया, योगेश तिवारी, शुभम नैनवाल आदि रहे।