हल्द्वानी। नीलियम काॅलोनी से आनंदा एकेडमी होते हुए धान मिल तक सड़क खोदकर पाइप लाइन बिछाई जा रही है। आधा कार्य हो गया जबकि शुक्रवार को आनंदा एकेडमी से आगे सड़क खोदी तो उसकी मिट्टी आधी सड़क पर बिछा दी गई। इससे शाम को चार बजे से इस मार्ग पर कुछ-कुछ देर के लिए जाम लगता रहा। एक घंटे बाद जब मिट्टी हटाई गई तो यातायात सुचारु हुआ।
धान मिल चौराहा से आनंदा एकेडमी होकर गोल चौराहा तक कार्यदायी संस्था पाइप लाइन का कार्य कर ही है। आनंदा से गोल चौराहा तक तो सड़क खोद कर पाइप डाल दिया गया लेकिन जब आनंदा के आगे कार्य बढ़ा तो यातायात ज्यादा होने की वजह से जाम लग गया। यहां आधी सड़क घेरकर गड्ढा किया गया और उसकी मिट्टी सड़क के बचे भाग पर डाल दी गई। शाम को चार बजे के करीब यहां बस और ट्रक भी जाम में फंसे। बड़े वाहन की वजह से छोटे वाहन और बाइक तक को निकलने का रास्ता नहीं मिला। 10 मिनट बाद एक तरफ के वाहन रोककर दूसरे तरफ का रास्ता साफ किया गया। कुछ देर बाद जब मिट्टी हटी तो रास्ता सुचारू हुआ।