रामनगर। हल्द्वानी बाइपास पुल का डामर जगह-जगह उखड़ने से गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का सबसे अधिक खतरा बना हुआ है। शहरवासियों ने पुल की मरम्मत की मांग की है।
रामनगर-हल्द्वानी मार्ग को जोड़ने वाला बाइपास पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। विगत वर्ष ही पुल पर उखड़े डामर को समतल करने के लिए लोनिवि ने मरम्मत कार्य कराया था लेकिन एक साल के भीतर ही डामर उखड़ने लगा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता संजय चौहान ने बताया कि पुल पर डामरीकरण के लिए जल्द ही प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। बताया कि मंजूरी मिलते ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
गड्ढे भरने के नाम पर सड़क पर डाली मिट्टी, फिसलन बढ़ी
दोपहिया वाहन चालकों के लिए बढ़ गया खतरा
नैनीताल। नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी डालने से लोगों में नाराजगी है। बारिश के बाद सड़क पर मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई जिससे फिसलन बढ़ गई है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
बीते दिनों भीमताल में आयोजित बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों को सड़कों पर बने गड्ढों को भरने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभागों की ओर से विभिन्न मार्गों पर गड्ढों को भरने का काम शुरू किया गया। इसी क्रम में नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर रूसी और ऐरीज मोड़ के पास भी गड्ढों को भरने का कार्य किया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पांडे आदि ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मिट्टी डालने से समस्या और बढ़ गई है। एनएचएआई के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क पर गड्ढे भरने के लिए मिट्टी डालने से मना किया गया है। यदि सड़क पर मिट्टी डाली गई है तो संबंधितों से जवाब मांगा जाएगा।