उच्चशिक्षा निदेशालय में मंगलवार को गेस्ट फैकल्टी भर्ती प्रक्रिया के तहत केमिस्ट्री विषय के 46 पदों के लिए साक्षात्कार हुए। इस विषय के 85 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया था लेकिन इसमें से 22 अभ्यर्थी नहीं पहुंचे। उच्चशिक्षा निदेशक द्वारा छठ पूजा पर मंगलवार को निबंधित अवकाश घोषित किए जाने की वजह से अधिकांश कर्मचारी छुट्टी पर रहे।
इधर, सोमवार को साक्षात्कार शुरू होने पर पीएचडी धारकों द्वारा विरोध प्रदर्शन कर हंगामा किया गया था जिस पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा तथा छह पीएचडी धारकों को गिरफ्तार भी किया था। साक्षात्कार के दूसरे दिन कोई हंगामा न हो, इसके लिए उच्चशिक्षा निदेशालय पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
बुधवार को बॉटनी विषय के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार होंगे। इसके अलावा साक्षात्कार में बेटी का चयन न होने पर एक महिला निदेशालय दफ्तर के परिसर में बैठी जोर जोर से रो रही थी जिस बमुश्किल शांत किया जा सका। साक्षात्कार कमेटी में उत्तराखंड मुक्त विवि और श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति के अलावा विषय विशेषज्ञ मौजूद रहे।