गांधी आश्रम की दुकान में बिक्री के लिए रखी खादी की शर्ट।
हल्द्वानी। मानसून में उमस बढ़ने के साथ लोग ऐसे कपड़ों को पसंद कर रहे हैं, जो पहनने में आरामदायक हों। इसी बीच खादी के कपड़े युवाओं की पसंद में भी शामिल हो रहे हैं। कॉलेज स्टूडेंट समेत युवा खादी के कुर्तों को खासा पसंद कर रहे हैं। पारंपरिक लुक के साथ आरामदायक पहनावे का विकल्प होने से खादी के कुर्तों की ओर युवाओं का रुझान बढ़ा है।
गांधी आश्रम में युवाओं के लिए खादी के कुर्तों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 820 रुपये से शुरू होकर 1100 रुपये तक है। वहीं खादी की शर्ट 750 से 850 रुपये तक की रेंज में उपलब्ध हैं। कुर्तों में अलग-अलग रंग और डिजाइन के विकल्प भी मौजूद हैं जिससे युवा अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।
गांधी आश्रम के व्यवस्थापक प्रमोद कुमार भट्ट ने बताया कि खादी के उत्पादों को लेकर युवाओं में अच्छी रुचि है। कॉलेज खुलने के बाद स्टूडेंट भी खादी के कुर्तों की खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। युवाओं में खादी के कुर्तों का बढ़ता क्रेज बदलते फैशन ट्रेंड का हिस्सा भी बन रहा है।
उमा शंकर जोशी ने बताया कि खादी के कुर्ते पहनने में काफी आरामदायक होते हैं। उनका कहना है कि खादी में आधुनिक डिजाइन और रंगों के विकल्प भी उपलब्ध हैं जिससे युवा इसे फैशन के साथ-साथ दैनिक पहनावे के रूप में भी अपना रहे हैं।