उत्कृष्ट कार्य के लिए राजभवन नैनीताल में महिला आयक्षी को सम्मानित करती राज्यपाल बेबी रानी मौर्य
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राजभवन में नई परंपरा की शुरुआत करते हुए शुक्रवार को राज्य स्थापना दिवस से पूर्व विभिन्न सरकारी विभागों और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों और लोगों को सम्मानित किया।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि अपने कर्तव्यों का सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन कर उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारी-कार्मिक राज्य की मूल्यवान संपत्ति हैं। राज्यपाल मौर्य ने बेतालघाट क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और रिवर्स माइग्रेशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राहुल अरोड़ा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा लोनिवि के वरिष्ठ अनुरक्षक नारायण बिष्ट, उद्यान विभाग के माली मोहन चंद्र मिश्रा, एएनएम कमला रावत, बेतालघाट की स्वास्थ्य कर्मी आशा देवी, भीमताल की स्वयंसेवी विनीता बोरा, लोनिवि कार्मिक हरीश आर्या, आरक्षी समरजीत कौर, आरक्षी उमा टम्टा को अपने-अपने क्षेत्र में बेहतरीन कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यहां पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा राजभवन के अधिकारी तथा कार्मिक उपस्थित थे।
अब हर साल होगा सम्मान समारोह
नैनीताल। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य के निर्देशों के क्रम में अब प्रत्येक वर्ष राज्य स्थापना दिवस नौ नवंबर से पूर्व विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कार्मिकों को सम्मानित किया जाएगा।