फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकार के संरक्षण में गुंडागर्दी कर रहे खनन माफिया

Mon, 06 Apr 2015 02:02 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,रामनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
खनन माफिया को प्रदेश सरकार ने गुंडागर्दी करने की खुली छूट दे रखी है। प्रभात ध्यानी और मुनीश कुमार पर हुए जानलेवा हमले की घटना इसी का नतीजा है। खनन माफिया जानते हैं कि उनके हर तरह के अपराध में सरकार उन्हें बचा लेगी। यह बात पत्रकार वार्ता के दौरान दमन विरोधी संघर्ष समिति के मुनीश कुमार ने कही।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि खनन माफिया ने 20 मार्च को मुकदमे वापसी की प्रक्रिया आगे बढ़ने से आश्वस्त होने के बाद मौका देखकर 31 मार्च को प्रभात ध्यानी और उन पर हमला कर दिया। प्रदेश में सरकार का खनन माफिया के साथ गठजोड़ जनता को बेहद आक्रोशित कर देने वाला है। यही कारण है कि वीरपुर लच्छी की घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस सोहन सिंह को गिरफ्तार नहीं कर रही है।

मुनीश कुमार ने बताया बुक्सा जनजाति बहुल वीरपुर लच्छी गांव में एक मई 2013 को ढिल्लन स्टोन क्रशर मालिक सोहन सिंह, उसके बेटे डीपी सिंह, सुमित पाल सिंह ने गांव में घुसकर आगजनी, फायरिंग, महिलाओं और ग्रामीणों के साथ मारपीट की थी। जिसका मुकदमा अपराध सं. 109/2013 कोतवाली में दफा 147, 148, 149, 323 आईपीसी व एससी/एसटी एक्ट में दर्ज कराया गया। जांच के बाद उक्त मुकदमे में दफा 504, 506 व 436 बढ़ा दी गई थी। सरेआम हुए उक्त अपराध के दोषियों को बचाने के लिए प्रदेश सरकार ने मुकदमे वापसी की कार्यवाही शुरू कर दी है। ऐसे में माफिया के हौसले बुलंद हो रहे हैं। प्रेस वार्ता में ललित उप्रेती, गणेश रावत, कमलेश कुमार, केसर राणा, रवि, पंकज कुमार, मनमोहन अग्रवाल, महेश जोशी, मदन, तुलसी जोशी, प्रेम पपनै, राशिद अली मौजूद थे।
विज्ञापन


क्रशर मालिक को पकड़ने के लिए दी दबिश
रामनगर। राज्य आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी, मुनीश कुमार पर हमले में नामजद स्टोन क्रशर स्वामी सोहन सिंह उसके बेटे डीपी सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कई जगहों पर दबिशें दी। कोतवाल कैलाश पंवार ने बताया कि क्रशर स्वामी के राम-श्याम कालोनी काशीपुर स्थित आवास और स्टोन क्रशर पर गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी गईं, सफलता हाथ नहीं लगी।

पुलिस की मौजूदगी में हुई गूल की नपत
रामनगर। रविवार को एक बार फिर तहसीलदार एनआर आर्या दलबल के साथ गूल को चिंह्ति करने वीरपुर लच्छी गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि गूल के दोनों ओर से और आबादी के रास्ते का चिन्हीकरण किया गया। श्री आर्या ने बताया कि नक्शे में जो गूल है, वह कहीं-कहीं रास्तें में है। इस दौरान उनके साथ कानूनों जीत राम, राम लाल, पटवारी गिरीश तिवारी, शिव स्वरूप, मनोज रावत, के अलावा विकास पडलिया, मनीष शर्मा समेत पुलिसकर्मी मौजूद थे।

प्रभात, मुनीश पर हमले की स्केलर संघ ने की निंदा
रामनगर। 30 मार्च को ग्राम वीरपुर लच्छी में राज्य आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी और मुनीश कुमार पर खनन माफिया द्वारा किए गए हमले की उत्तराखंड वन विकास स्केलर संघ ने निंदा की है। वक्ताओं ने कहा कि खनन माफिया को सरकार प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष तौर पर संरक्षण दे रही है। उन्होंने हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह राणा, चंद्रबल्लभ छिम्वाल, शिव राम टम्टा, सुरेश जोशी, विनोद कुमार टम्टा, गोविंद सिंह मेहरा, जमन राम, मनवर सिंह, आंदन सिंह नेगी, उत्तम नयाल, सतीश शर्मा आदि थे।

वीरपुर लच्छी में महापंचायत आज
रामनगर। राज्य आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी, मुनीश कुमार पर जनलेवा हमला करने वालों को गिरफ्तार करने सहित कई मांगों को लेकर वीरपुर लच्छी गांव में सोमवार को महापंचायत होगी। दमन विरोधी संघर्ष समिति के रवि ने बताया गांव के बीच से गूल और खेतों के ऊपर से डंपरों का परिचालन बंद करने की मांग को लेकर इस महापंचायत में बुलाई गई है। उन्होंने पत्रकारों, बुद्धिजीवियों, वकीलों, सामाजिक, राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं और आम जन से महापंचायत में पहुंचने की अपील की है। रविवार को जनसंपर्क करने वालों में कलम सिंह, चरन सिंह, करन सिंह, मोहन सिंह, कमलेश कुमार, शेखर आर्या, किशन शर्मा आदि थे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें