हल्द्वानी। प्रदेश सरकार ने 38वें राष्ट्रीय खेल के बाद उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं कराने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। इस कड़ी में हल्द्वानी, हरिद्वार, टिहरी और नैनीताल में फाइव स्टार होटल बनाए जाएंगे। देहरादून और रुद्रपुर में इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।
दरअसल खेल मैदान और अन्य संसाधन प्रदेश में हैं, लेकिन ठहरने के लिए पांच सितारा होटल की कमी अखरती थी। प्रदेश में अंतरराट्रीय स्टेडियम होने के पीछे भी यही वजह है। क्रिकेट एसोसिएशन भी इस समस्या को उठा चुका है। सफलतापूर्वक नेशनल गेम्स से उत्साहित सरकार यहां भविष्य में अलग-अलग खेलों के अंतरराष्ट्रीय खेलों को उत्तराखंड में करना चाह रही है। इसके आड़े आने वाली सारी बाधा दूर करना चाहती है।
भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व महासचिव राजीव मेहता ने बताया कि हाल ही में टनकपुर में सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात हुई थी। सीएम ने प्रदेश में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं कराने की बात कही। मेहता ने जब उन्हें ठहरने की समस्या बताई। मुख्यमंत्री से उन्होने बताया कि राष्ट्रीय खेलों के दौरान देहरादून, हल्द्वानी, रुद्रपुर, हरिद्वार आदि शहरों के स्टेडियम में आधुनिक संसाधन हैं। अब राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं हो सकती हैं। पर अंतरराष्ट्रीय खेल के लिए खिलाड़ी और आफिशियल के रहने के लायक फाइव स्टार होटल नहीं हैं। मेहता के मुताबिक सीएम उनकी बात से सहमत हैं। इसके बाद ऐसे होटलोंके लिए जगह देखने का काम शुरू हो गया है।