लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता स्थित वाटर पार्क में काम दिलाने के बहाने ले जाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा अभी फरार है।
युवती की ओर से कोतवाली में दी तहरीर में कहा गया है कि वार्ड नंबर एक निवासी बिहारी उसे वाटर पार्क में साफ सफाई का काम दिलाने के बहाने ले लिए बृहस्पतिवार को ले गया था। वहां पहले से मौजूद राकेश और फौजी नाम के युवकों ने उसे दबोच लिया। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। युवती का यह भी आरोप है कि उसने बचने की कोशिश की तो उसके साथ मारपीट भी की गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रमोद शाह और कोतवाल संजय कुमार ने वाटर पार्क का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। सीओ ने कहा कि पुलिस वाटर पार्क की सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर राकेश और बिहारी को गिरफ्तार कर लिया है। फरार फौजी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।