डीएसए और एनटीजी के सहयोग से खेली जा रही इंटर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में जीआईसी औैर सीआरएसटी कालेज की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले मैच में जीआईसी ने 19 ओवर में सभी विकेट खोकर 129 रन बनाए। तरुण ने 53 और प्रमोद ने 14 रन बनाए। अम्तुल स्कूल से मुस्तफा ने तीन और सलीम ने दो विकेट लिए। जवाब में अम्तुल स्कूल की टीम 18 ओवर में सभी विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी। सनी और कमलेश ने 29-29 रन बनाए। जीआईसी से तरुण ने तीन विकेट लिए।
दूसरे मैच में सरस्वती शिशु मंदिर की टीम पहले खेलते हुए 18 ओवर में मात्र 99 रन पर आलआउट हो गई। टीम के लिए सौरभ ने 57 और कमलेश ने 12 रन बनाए। सीआरएसटी से जसीम, योगेश, हिमांशु व सचिन ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में सीआरएसटी ने 12वें ओवर में एक विकेट खोकर मैच जीत लिया।
सचिन ने 53 और आदिल ने 25 रन बनाए। सरस्वती शिशु मंदिर से एकमात्र विकेट सूरज ने लिया। निर्णायक मनीष साह, विनीत पाठक, तनवीर व योगेश कुमार, स्कोरर उमेश कांडपाल सोनी व उद्घोषक धर्मेंद्र गंगोला थे। आयोजक सचिव एससी साह जगाती ने बताया कि बुधवार को जीआईसी बनाम शेरवुड और सैनिक स्कूल बनाम सीआरएसटी के बीच सेमी फाइनल मैच खेले जाएंगे।