हल्द्वानी। चोरगलिया रोड को गौला नदी से बचाने के लिए लोक निर्माण विभाग भू-वैज्ञानिक से सर्वेक्षण कराएगा। इसके लिए अल्मोड़ा से भू-वैज्ञानिक प्रिया जोशी मंगलवार को यहां पहुंच रही हैं।
पिछली बरसात में क्षतिग्रस्त चोरगलिया रोड अब तक दुरुस्त नहीं हो पाई। एक साल में कार्यदायी संस्था लोनिवि गौला पुल तक के मार्ग को ही हल्के वाहनों के चलने लायक बना पाई है। गौला में पानी बढ़ने के कारण नदी की तरफ से किया जा रहा काम 20 दिन से ठप पड़ा है। ऐसे में चोरगलिया रोड पर खतरा मंडरा रहा है।
लोनिवि सड़क को बचाने के लिए एक बार भू-वैज्ञानिक से जमीनी निरीक्षण कराने की तैयारी में है। सड़क को बचाने के लिए सिंचाई से लेकर लोनिवि प्रस्ताव तैयार कर चुका है लेकिन भारी भरकम राशि होने के कारण इसे स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
-
जनहित को देखते हुए चोरगलिया रोड क्षेत्र का मंगलवार को भू-वैज्ञानिक से सर्वे कराने का निर्णय लिया है। इसकी तैयारी पूरी कर ली है। - प्रत्यूष कुमार, ईई लोनिवि, हल्द्वानी